Explore

Search

August 4, 2025 10:47 pm

LATEST NEWS
Lifestyle

महिलाओं की अस्मिता से खिलवाड़ नहीं! जशपुर पुलिस की सख्त कार्रवाई, आरोपी गिरफ्तार

Facebook
Twitter
WhatsApp
Email

जशपुर जशपुर जिले के फरसाबहार थाना क्षेत्र में महिला के साथ छेड़छाड़ करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पीड़िता ने हिम्मत दिखाते हुए खुद को बचाया और तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

घटना का पूरा विवरण

गांव में महादेव विसर्जन के बाद रात को एक सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जिसमें पीड़िता अपने पति और अन्य ग्रामीणों के साथ गई थी। रात 12 बजे उसका पति घर लौट आया, लेकिन वह अपने साथियों के साथ वहीं रुकी रही।

रात करीब 3 बजे जब महिला घर जाने के लिए निकली, तो गांव का संतोष चौहान (40 वर्ष) उसका पीछा करने लगा। सुनसान जगह देखते ही उसने महिला पर हमला किया और गलत नियत से उसे पकड़ने की कोशिश की। लेकिन महिला ने हिम्मत दिखाते हुए अपनी टॉर्च से उसके चेहरे पर वार कर दिया, जिससे आरोपी घबराकर भाग गया।

अगले दिन महिला ने अपने पति और ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी और 13 फरवरी को फरसाबहार थाने में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी गिरफ्तार

शिकायत दर्ज होते ही पुलिस ने तत्काल आरोपी की तलाश शुरू की। घटना के बाद से आरोपी फरार था, लेकिन मुखबिर से सूचना मिली कि वह अपने घर लौटा है और फिर भागने की फिराक में है। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर थाना तुमला क्षेत्र के ग्राम बारो से उसे हिरासत में लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पर्याप्त सबूतों के आधार पर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस टीम की अहम भूमिका

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी विवेक कुमार भगत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शानदार कार्य किया। उप निरीक्षक सुरजन राम पोर्ते, महिला प्रधान आरक्षक सुशीला सिंह, आरक्षक निरज कुमार तिर्की, आरक्षक सुभाष खलखो और महिला आरक्षक पुष्पा पैंकरा ने इस मामले में विशेष योगदान दिया।

महिलाओं की सुरक्षा के लिए जशपुर पुलिस की अपील

जशपुर पुलिस महिलाओं की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह सतर्क है और आम जनता से अपील करती है कि किसी भी संदिग्ध घटना की तुरंत सूचना पुलिस को दें। महिलाओं की सुरक्षा सर्वोपरि है, और अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

Amit Soni
Author: Amit Soni

Leave a Comment