लोकसभा चुनाव शुरू होने में कुछ ही दिन बचे हैं। पहले चरण का मतदान 19 अप्रैल को होना है। ऐसे में सभी राजनीतिक पार्टियां अपने-अपने आखिरी दांव खेल रही हैं। इसी क्रम में आज कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव 2024 के लिए अपना घोषणापत्र जारी किया।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने नई दिल्ली में अखिल भारतीय कांग्रेस समिति मुख्यालय में घोषणापत्र जारी किया। पार्टी ने अपने घोषणापत्र को न्याय पत्र का नाम दिया है। बता दें, घोषणापत्र ‘पांच न्याय और 25 गारंटी’ पर आधारित है। यह पांच न्याय ‘हिस्सेदारी न्याय’, ‘किसान न्याय’, ‘नारी न्याय’, ‘श्रमिक न्याय’ और ‘युवा न्याय’ हैं। घोषणा-पत्र में 30 लाख सरकारी नौकरियां देने का वादा भी किया गया है।
LIVE: Congress party Manifesto launch for 2024 Lok Sabha elections | Haath Badlega Halaat#CongressNyayPatra
— Mallikarjun Kharge (@kharge) April 5, 2024
https://t.co/LHFYBF3umV
यह वादे किए
घोषणापत्र में 25 तरह की गारंटियां दी गई हैं। खरगे ने कहा कि हमारा घोषणापत्र गरीबों को समर्पित है। गरीब महिलाओं को एक लाख की मदद दी जाएगी। जबकि युवा न्याय के अतंर्गत 30 लाख सरकारी नौकरियां दी जाएंगी। वहीं किसानों का कर्ज माफ किया जाएगा।
आरक्षण की 50% की सीमा खत्म करने को संविधान संशोधन का वादा
कांग्रेस पार्टी ने अपने घोषणा पत्र में कहा है कि पार्टी जाति, उपजातियों और उनकी सामाजिक-आर्थिक स्थितियों की गणना के लिए राष्ट्रव्यापी सामाजिक-आर्थिक और जाति जनगणना कराएगी। इसके अलावा, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षण पर 50 प्रतिशत की सीमा बढ़ाने के लिए एक संवैधानिक संशोधन पारित करेगी।
