रांची। राजधानी रांची के रातू रोड पर वर्षों से जाम की समस्या से जूझ रहे लोगों के लिए राहत की खबर है। झारखंड को उसका पहला एलिवेटेड कॉरिडोर मिलने जा रहा है, जिसका उद्घाटन केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी आगामी 19 जून को करेंगे। इसके बाद यह कॉरिडोर आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा।
रांची को मिली बड़ी सौगात
रातू रोड पर 3.76 किलोमीटर लंबा यह एलिवेटेड कॉरिडोर हेहल पोस्ट ऑफिस से लेकर सिटी अस्पताल तक बनाया गया है। इसका निर्माण वर्षों से जाम की समस्या से जूझ रहे इस मार्ग पर सुगम यातायात सुनिश्चित करने के उद्देश्य से किया गया है। एलिवेटेड कॉरिडोर के शुरू होने से इस मार्ग से गुजरने वाले हर घंटे लगभग 4000 वाहनों को बड़ी राहत मिलेगी।
सांसद संजय सेठ ने की पहल
रांची के सांसद एवं केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने नई दिल्ली में नितिन गडकरी से मुलाकात कर कॉरिडोर के उद्घाटन की मांग रखी थी। उन्होंने रातू रोड प्रोजेक्ट की प्रगति की जानकारी दी और इसके लोकार्पण का अनुरोध किया। मंत्री गडकरी ने 19 जून को लोकार्पण के लिए सहमति दे दी है।
चार दशक पुरानी समस्या का समाधान
रातू रोड रांची का एक व्यस्त इलाका है, जहां जाम की समस्या पिछले चार दशकों से बनी हुई थी। एलिवेटेड कॉरिडोर के निर्माण से इस क्षेत्र में अब ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी और शहर के आवागमन में गति आएगी।
शुरू हो गई हैं तैयारियाँ
लोकार्पण समारोह की तैयारी प्रशासन द्वारा प्रारंभ कर दी गई है। यह परियोजना न केवल ट्रैफिक समस्या का समाधान करेगी, बल्कि रांची के बुनियादी ढांचे को एक नई दिशा भी देगी।
