500 रुपये के लेनदेन और दो थप्पड़ ने ली जान: पसान थाना पुलिस ने फरार 10 हजार के इनामी आरोपी रामसिंह मरपच्ची को गिरफ्तार किया
कोरबा जिले के पसान थाना क्षेत्र में रहने वाले रामसिंह मरपच्ची (45) ने महज 500 रुपये के विवाद और दो थप्पड़ों के चलते गांव के ही कल्याण सिंह की डंडे से पीटकर हत्या कर दी थी। घटना के बाद फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने मरवाही से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर 10,000 रुपये का इनाम घोषित था।
घटना के अनुसार, मृतक कल्याण सिंह ने आरोपी रामसिंह से 500 रुपये उधार लिए थे। छेरछेरा पर्व के दिन रामसिंह ने जब पैसे मांगे तो कल्याण सिंह ने उसे शराब लाने को कहा। इसी बात पर दोनों में विवाद बढ़ गया और कल्याण सिंह ने गुस्से में रामसिंह को दो थप्पड़ मार दिए। अपमानित और गुस्साए रामसिंह ने कमरे में रखे डंडे से हमला कर दिया, जिससे कल्याण सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के समय घर पर कोई और नहीं था।
पुलिस ने फरार आरोपी को पकड़ने के लिए लगातार दबिश दी। आखिरकार मरवाही से आरोपी को धर दबोचा गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर न्यायिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
